बिल पर अंकित क्यूआर कोड से घर बैठे जमा कर सकते हैं बिजली बिल
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। बिजली का बिल हर घर में आता है। लेकिन, मीटर नंबर, उपभोक्ता का नाम-पता और मीटर रीडिंग के अलावा बिल में कुछ और समझ पाना सबके बस की बात नहीं है। लेकिन, अब बिजली के बिल अंग्रेजी के साथ हिंदी भाषा में भी आने लगे हैं। साथ ही बिल पर क्यूआर कोड की सुविधा दी गई है। जिसको स्कैन करके उपभोक्ता घर बैठे बिल का भुगतान कर सकेंगे। पहले सिर्फ अंग्रेजी में ही बिल आता था। विभाग की तरफ से यह सुविधा जुलाई महीने से शुरू की गई है।
विभाग की इस सुविधा से आम आदमी आसानी से बिल की पूरी जानकारी हासिल कर पाएगा। एसडीओ पुरुषोत्तम कुमार ने बताया कि उपभोक्ताओं की सहूलियत के लिए जुलाई से दोनों भाषाओं में उपभोक्ताओं को बिजली के बिल उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही बिजली के बिल पर क्यूआर कोड भी छपा है। इसको स्कैन करके उपभोक्ता हर महीने घर बैठे बिजली का बिल अदा कर सकते हैं।
जिले में कुल 109532 उपभोक्ता हैं। इनमें शहरी क्षेत्र में 31866 और ग्रामीण क्षेत्र में 77666 उपभोक्ता हैं। विभाग की मानें तो अभी हजारों ऐसे उपभोक्ता हैं, जिन्हें नई बिलिंग प्रणाली के तहत अंग्रेजी में बिल को समझने में परेशानी होती है। उपभोक्ता बार-बार बिजली विभाग के दफ्तर में बिल लेकर आते हैं। ऐसे में अंग्रेजी के साथ हिंदी में भी आने से लोगों को बहुत आसानी होगी। बिल में उपभोक्ता का नाम, मीटर संख्या, मीटर का फिक्स चार्ज, बिजली का चार्ज, पिछले महीने की रीडिंग, बिल जमा करने की तिथि, पिछले महीने बिल कब जमा किया था आदि सहित पूरी जानकारी हिंदी में भी मिलेगी।