सैनिटाइज हुआ बिजली दफ्तर
ललितपुर। बिजली दफ़्तर में कैश काउंटर पर बैठने वाले कर्मचारी के कोरोना पॉजिटिव निकलने पर बिजी दफ्तर को सैनिटाइज किया गया। कोरोना महामारी के चलते सरकार द्वारा गाइड लाइन जारी की गई है। इसे तहत जिस स्थान घर या दफ्तर में यदि कोई कोरोना पॉजिटिव मरीज निकलता है तो शासन की गाइडलाइन के अनुसार सील करते हुए सैनिटाइजेशन कराया जाए। संपर्क में आए सभी सदस्यों की नियमित जांच कराकर उन्हें होम क्वारंटीन किया जाए। सरकारी कार्यालय में यदि कर्मचारी पॉजिटिव निकलता है तो कर्मचारियों से घर के काम लिया जाए। लेकिन, बिजली विभाग में ऐसा होता नहीं दिख रहा है। बीते रोज यहां नझाई बाजार विद्युत कार्यालय में एक कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव पाया गया। इससे कार्यालय में अन्य कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। कोरोना मरीज निकलने पर दफ्तर को सैनिटाइज कराया गया और तैनात अन्य कर्मचारियों की जांच कराई गई, जो निगेटिव आई। लेकिन, अगले दिन बुधवार की सुबह से फिर से कैश काउंटर व दफ्तर खोल दिया गया। कर्मचारियों से दोबारा दफ्तर में ही काम कराया गया, जबकि कोरोना पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आने वाले किसी भी व्यक्ति में 14 दिन तक लक्षण होने की संभावना रहती है। हालांकि,
विभागीय कर्मचारियों की जांच कराई गई, रिपोर्ट निगेटिव आई है। ऐसे में उनसे काम लिया जा रहा है।
एक कर्मचारी कोरोना पॉजिटिव निकला है। इसके बाद कार्यालय को दो बार सैनिटाइज कराया गया। 11 कर्मचारियों की टेस्टिंग भी करा दी गई है।
- राकेश कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड प्रथम