संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। पुलिस ने चोरी और टप्पेबाजी की वारदातें करने वाले आरोपियों को शुक्रवार को गिरफ्तार किया। इनमें दो बाल अपचारी भी शामिल हैं। आरोपियों के पास से चोरी का माल बरामद हुआ।
-
कृष्णा टाकीज के पास दुकान में की थी चोरी :
मोहल्ला गांधीनगर निवासी प्रकाश की स्टेशन रोड पर कृष्णा टॉकीज के पास मोबाइल प्वाइंट नाम से दुकान है। नौ सितंबर की रात को दुकान का ताला तोड़कर यहां से 35 हजार रुपये व 15 मोबाइल चोरी कर ले गए थे। कोतवाली पुलिस, स्वाट व सर्विलांस टीम ने शुक्रवार को ओम विश्वकर्मा निवासी ताल दरवाजा थाना कोतवाली टीकमगढ़ मध्य प्रदेश और उसके साथ दो बाल अपचारी को पकड़ा। उनके पास से 10 मोबाइल, दो टैबलेट बरामद हुए। आरोपी ओम ने बताया कि उनका संगठित गिरोह है। वह लोग अलग अलग राज्यों में चोरी की घटनाएं करते हैं। घूम-घूमकर रेकी करते हैं और मौका पाकर दुकानों, घरों से सामान उड़ा देते हैं। चोरी के सामानों को बेचकर रुपये आपस में बांट लेते हैं।
जेवर साफ करने के नाम पर की थी टप्पेबाजी :
मोहल्ला चौबयाना के मनीष सडैया ने बताया था कि 6 सितंबर को उसकी मां को चकमा देकर दो लोग आभूषण साफ करवाने के बहाने सोने-चांदी के जेवरात लेकर भाग गए थे। पुलिस ने शुक्रवार को भवेश गुप्ता निवासी ग्राम गोविंदपुर थाना महेशखुंट जनपद खगड़िया बिहार, धीरज कुमार निवासी ग्राम जमुनिया थाना शाह पर्वता जनपद भागलपुर, बिहार को गिरफ्तार किया। उनके पास से 10,660 रुपये, दो मोबाइल व घटना में प्रयुक्त एक बाइक बरामद की। आरोपियों ने बताया कि वह लोग अलग अलग राज्यों में टप्पेबाजी करते हैं। घूम-घूमकर बाइक से रेकी करते हैं और सीधी सादी व बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाते हैं। सोने, चांदी के आभूषण साफ करने के नाम पर जेवरात लेकर भाग जाते हैं। चौबयाना में महिला से सोने-चांदी के आभूषणों की सफाई के बहाने सोने की चेन व अंगूठी लेकर भागे थे। इन आभूषणों को कानपुर घंटाघर रेलवे स्टेशन के पास एक व्यक्ति को बेच दी थी।
-
चुरा ले गए थे घर के बाहर बंधी दो भैंस : मोहल्ला रावतयाना निवासी जय हिंद के घर के बाहर बंधी दो भैंस चार सितंबर को चोरी हो गई थी। पुलिस ने शुक्रवार को इरफान निवासी गोल्डन रोज पब्लिक स्कूल के पास मुहल्ला गोविन्दनगर, रामस्वरूप उर्फ सरूपे निवासी रावतयाना गोविंद नगर, रोशनी यादव निवासी ग्राम डुमरऊ थाना टीकमगढ़ देहात मूल निवासी ग्राम नयाखेड़ा थाना टीकमगढ़ देहात, मध्य प्रदेश को गिरफ्तार किया। उनके पास से एक पिकअप और चुराई गई दो भैंसें बरामद हुईं। आरोपियों ने बताया कि वह लोग मौका पाकर भैंसें चोरी कर लेते हैं। इन्हें अलग-अलग राज्यों में बेचते हैं। चार सितंबर को रावतयाना से भैसें चुराई थी। उसे छिपाकर रखा था। बाद में भैसों को पिकअप में लादकर बेचने जा रहे थे, तभी पुलिस ने पकड़ लिया।
-
टीम में ये रहे शामिल : आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रमेश चंद्र मिश्रा, स्वाट प्रभारी अतुल तिवारी और सर्विलांस प्रभारी आलोक सिंह शामिल रहे।