संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। चिकित्सकों की कमी से जूझ रहे आयुर्वेदिक विभाग को शासन ने आठ चिकित्सक दिए हैं। इनमें छह चिकित्सकों ने ज्वाइन कर लिया है, दो अन्य चिकित्सक जल्द ही ज्वाइन करेंगे। अब चिकित्सकों की संख्या 18 से बढ़कर 26 हो गई है। अभी विभाग को आठ चिकित्सकों की और जरूरत है।
यहां 32 आयुर्वेदिक व दो यूनानी अस्पताल हैं। इनमें 34 चिकित्सकों के पद स्वीकृत हैं, लेकिन अब तक महज 18 चिकित्सक ही तैनात थे। इसमें एक चिकित्सक जिला आयुर्वेदिक यूनानी अधिकारी के पद पर हैं। इसके चलते मात्र 17 अस्पतालों में ही चिकित्सक तैनात थे। अब शासन ने आयुर्वेदिक अस्पताल को आठ और चिकित्सक दिए हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि इससे आठ अस्पतालों को और चिकित्सक मिल जाएंगे। इन अस्पतालों में आने वाले मरीजों को बेहतर उपचार की सुविधा मिल सकेगी। मरीजों को फार्मासिस्ट से उपचार नहीं कराना पड़ेगा।
-
शासन से आठ चिकित्सक मिले हैं, इनमें छह ने ज्वाइनिंग कर ली है। शेष दो चिकित्सक भी जल्द आ जाएंगे। अब आठ और अस्पतालों को भी चिकित्सक मिल जाएंगे।
- डॉ. अर्जुनलाल अहिरवार, जिला आयुर्वेदिक यूनानी अधिकारी