ललितपुर। शहर के विभिन्न मोहल्लों के संक्रमित क्षेत्र समेत एक गांव में कोरोना संक्रमण की पुष्टि होने पर कंटेनमेंट जोन घोषित कर सील किया गया है। यहां पर किसी व्यक्ति को प्रवेश और बाहर जाने की अनुमति नहीं है। उपजिलाधिकारी केके सिंह ने कोरोना संक्रमित क्षेत्र के ढाई सौ मीटर के क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित कर पूरी तरह से सील कर दिया है। सेक्टर मजिस्ट्रेट की निगरानी में आवश्यक वस्तुएं सब्जी, दूध, फल की सप्लाई मोबाइल बैरियर तक की जाएगी। शहर के मोहल्ला चौबयाना, महावीरपुरा, तालाबपुरा, रैदासपुरा, सिविल लाइन कपिल गेस्ट हाउस के पास व बरया भवन के पास, आजादपुरा जिला पंचायत के पास, व रिसाला मंदिर के पास और ब्लॉक जखौरा अंतर्गत ग्राम बुढ़ावार के संक्रमित क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन घोषित किया गया है। कंटेनमेंट जोन क्षेत्र में दो पहिया, चार पहिया वाहन और हाथठेला आदि का आवागमन बंद किया गया है। क्षेत्र में तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट को विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। आपात सेवाओं से जुडे़ व्यक्तियों को जांच होने के बाद ही जाने की अनुमति दी जाएगी। सुरक्षा व उल्लंघन करने वालों के खिलाफ महामारी अधिनियम की कार्रवाई की जाएगी।