संवाद न्यूज एजेंसी
तालबेहट। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में 68वीं मंडल स्तरीय पिस्टल एवं राइफल शूटिंग चैंपियनशिप आयोजित हुई। जीजीआईसी की आठ छात्राओं का चयन प्रदेश स्तरीय शूटिंग के लिए हुआ। जालौन के छात्राओं ने अपना दबदबा कायम रखा। चयनित छात्राओं को विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन कर राइफल शूटिंग के अध्यक्ष दीपक पांडे, डॉ अरविंद पाठक, डॉ अरुण वर्मा, प्रधानाचार्य अंजना वर्मा सहित अन्य अतिथियों ने किया। राइफल-पिस्टल ओपन साइड प्रतियोगिता 10 मीटर के सीनियर वर्ग में अमीषा चौहान स्वर्ण, दीपाली झा रजत व मुस्कान कुशवाहा ने कांस्य पदक हासिल किया। जूनियर वर्ग में राजनंदिनी ने स्वर्ण, सृष्टि राजा और खुशबू कुशवाहा ने सिल्वर और यशिका झा, बेदिका राजा ने कांस्य पदक जीता।
पीप साइड राइफल 10 मीटर में जालौन के प्रतिभागियों का दबदबा दिखा। अनन्या कुशवाहा ने स्वर्ण, वैष्णवी प्रजापति ने रजत, जूनियर वर्ग में संस्कृति पांडेय ने स्वर्ण तो छात्र वर्ग में में रुद्र पांडेय ने स्वर्ण जीता। पिस्टल प्रतियोगिता के 10 मीटर में देवराज प्रजापति ने स्वर्ण, अवनीश ने रजत और तरुण पाल ने कांस्य जीता, जबकि सीनियर वर्ग में शौर्य ने स्वर्ण पदक जीता। विजयी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। इस मौके पर आरती वर्मा, कोच आरिफ खान, चंद्रमणि समाधिया सहित विद्यालय स्टाफ मौजूद रहा।