झांसी। दिसंबर महीने में तय हुए आरक्षण के विवादों में घिरने के बाद दिग्गजों की सांसें भी अटक गईं थीं। नए सिरे से आरक्षण तय होने पर उनकी सीट बदल जाने का खतरा था लेकिन, बृहस्पतिवार को जारी सूची के बाद नगर निगम दिग्गजों का रास्ता एक बार फिर साफ हो गया। निवर्तमान उपसभापति भरत सेन समेत कई दिग्गज पार्षद एक बार फिर चुनावी मैदान में ताल ठोंकते नजर आ रहे हैं हालांकि आरक्षण में बदलाव न होने से कई निवर्तमान पार्षदों को झटका लगा है।
उपसभापति भरत सेन की नैनागढ़ दक्षिण द्वितीय सीट पिछड़ा वर्ग को आरक्षित हो गई लेकिन वह चुनाव लड़ सकेंगे। पूर्व उपसभापति सुनील नैनवानी, अनिल सोनी भी अपने-अपने वार्डों से फिर चुनाव लड़ सकेंगे। इसी तरह चार बार से लगातार पार्षद कन्हैया कपूर, विकास खत्री समेत महेश गौतम, दिनेश सिंह उर्फ दीपू, दिनेश प्रताप समेत अन्य दिग्गज पार्षदों का भी चुनावी मैदान में उतरने का रास्ता साफ हो गया। डरुभोडेला वार्ड से निर्दोष अग्रवाल समेत मुकेश सोनी, रमा निरंजन, लखन कुशवाहा, सुलेमान अहमद मंसूरी, राजेश, आशीष रायकवार, सुरेंद्र साहू, अजीदा मकरानी, भगवती, उमेश जोशी, कमर खातून, प्रियंका साहू, रामकुमारी, रामकुमारी यादव, बालकिशन, गीता देवी, महेश गौतम, छोटेलाल, प्रदीप, विमल किशोर, शांति देवी की सीट उनके मन मुताबिक ही आरक्षित हुई है। अनंतिम आरक्षण जारी होने के साथ ही टिकट को लेकर भी दावेदारी शुरू हो गई है।