संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मरीजों के जीवन से खिलवाड़ किया जा रहा है। बांसी स्थित नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉक्टरों के अनुपस्थित होने पर मरीजों का उपचार वार्ड ब्वॉय कर रहा है। हैरत की बात तो यह कि अस्पताल में पैथोलाॅजी नहीं है। फार्मासिस्ट के अभाव में बिना जांच के ही उपचार किया जा रहा है। पेयजल संकट भी बना हुआ है।
सोमवार दोपहर एक बजे अमर उजाला की टीम ने ब्लॉक जखौरा अंतर्गत कस्बा बांसी स्थित नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की हकीकत जानी। यहां ओपीडी में कोई भी चिकित्सक नजर नहीं आया। पूरा कक्ष सूना दिखा। इसी प्रकार आयुष चिकित्सक की ओपीडी भी सूनी पड़ी थी। अस्पताल परिसर में फार्मासिस्ट भी नजर नहीं आए। यहां महज तीन लोग ही दिखे। अस्पताल में आ रहे मरीजों का उपचार वार्ड ब्वॉय कर रहा था।
-
अस्पताल में नहीं है जांच की सुविधा
यहां लैब टेक्नीशियन नियुक्त नहीं है। ऐसे में मरीजों की जांच नहीं हो पा रही है, जबकि किसी भी मर्ज के इलाज में जांच आवश्यक होती है। अत्यावश्यक होने पर मरीजों को निजी पैथोलॉजी में जाना पड़ रहा है।
-
पानी के संकट से जूझ रहा अस्पताल
नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में अब तक पानी की सुविधा नहीं हो सकी है। विभागीय कर्मचारियों के अनुसार अस्पताल में दो बाेर किए गए, लेकिन दोनों ही बोर फेल रहे। पीने के पानी के लिए काफी दूर हैंडपंप पर जाना पड़ रहा है।
-
अस्पताल में ये हैं तैनात
अस्पताल में एक स्थाई चिकित्साधिकारी, एक संविदा पर आयुष चिकित्सक, एक स्टॉफ नर्स, एक फार्मासिस्ट, एक वार्ड ब्वॉय, एक स्वीपर तैनात है।
-
नया प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बांसी में दो चिकित्सक व फार्मासिस्ट के न होने की जानकारी मिली है। इसकी जांच कराई जाएगी। - डॉ. इम्तियाज अहमद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी