संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जिला अस्पताल में पेयजल समस्या दूर नहीं हो पा रही है। अस्पताल के प्रथम व द्वितीय तल पर पेयजल की व्यवस्था नहीं है। द्वितीय तल पर लगा आरओ दो वर्ष से खराब है। ऐसे में वार्डों में भर्ती मरीजों व तीमारदारों को पानी लेने के लिए भूतल पर जाना पड़ रहा है। दिन में तो कोई दिक्कत नहीं होती, लेकिन रात्रि में समस्या होती है।
यहां अस्पताल के प्रथम तल पर दो वार्ड हैं। कई चिकित्सकों का ओपीडी कक्ष भी यहीं है। द्वितीय तल पर भी दो वार्ड हैं। इनमें लगभग 120 मरीजों को भर्ती किए जाने की व्यवस्था है, लेकिन वर्तमान में इनमें भर्ती मरीज व तीमारदार पानी के संकट से जूझ रहे हैं। कारण, अस्पताल परिसर में प्रथम तल पर पानी की सुविधा नहीं है। वहीं, द्वितीय तल पर रखा आरओ कई वर्षों से खराब पड़ा है। वाटर कूलर को देख मरीज व तीमारदार बोतल और बर्तन लेकर पहुंचते हैं, लेकिन टोंटी दबाने पर पता चलता है कि पानी ही नहीं आ रहा है। ऐसे में लोगों को वार्डों से उतर कर भूतल पर परिसर के बाहर स्थित टंकी से पानी लाना पड़ रहा है।
-
अस्पताल की लिफ्ट भी खराब
जिला अस्पताल की लिफ्ट लंबे समय से खराब होने से पानी के लिए तीमारदारों को सीढ़ियों से आना जाना पड़ता है। उनका कहना है कि पानी भर कर दूसरी मंजिल तक आने में सांस फूल जाती है। खराब लिफ्ट को सही कराना अस्पताल प्रशासन ने उचित नहीं समझा, इसका खामियाजा मरीजों और तीमारदारों को भुगतना पड़ रहा है।
-
फैक्ट फाइल
जिला अस्पताल में 140 बेड के लिए पेयजल संसाधन
पानी की टंकी -02
आरओ प्लांट-04
खराब आरओ-02
प्याऊ-02