- अधिशासी अभियंता ने अधीक्षण अभियंता को लिखे पत्र में की संस्तुति
- किसान से पांच हजार रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन टीम ने था पकड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। किसान से बांध के डूब क्षेत्र में पट्टा नवीनीकरण के नाम पर पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़े गए जिलेदार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने में सिंचाई विभाग जुट गया है। सिंचाई खंड के अधिशासी अभियंता ने अधीक्षण अभियंता को लिखे पत्र में जिलेदार को निलंबित करने की संस्तुति कर दी है। तहसील पाली के बड़गाना गांव निवासी राजकुमार कुशवाहा से सजनाम बांध के डूब क्षेत्र में पट्टा नवीनीकरण के नाम पर पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए जिलेदार शहजाद अली को एंटी करप्शन टीम ने एक अन्य युवक के साथ बुधवार को पकड़ा था। एंटी करप्शन टीम ने जिलेदार शहजाद अली और उसके साथी राकेश के खिलाफ कोतवाली सदर में मुकदमा दर्ज कराया था। जिलेदार शहजाद अली के रिश्वत लेते हुए पकड़े जाने पर सिंचाई विभाग ने उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है। सिंचाई खंड के अधिशासी अभियंता ने जिलेदार को निलंबित करने की संस्तुति करके सिंचाई कार्यमंडल के अधीक्षण अभियंता को पत्राचार कर दिया गया है। जल्द ही शहजाद अली पर निलंबन की कार्रवाई हो सकती है।
रिश्वत लेते पहले भी पकड़े जा चुके कई अधिकारी, कर्मचारी ...........................................................................
- 24 जनवरी 2018 को औषधि एवं खाद्य सुरक्षा विभाग में तैनात तत्कालीन ड्रग इंस्पेक्टर को मेडिकल स्टोर लाइसेंस के नाम पर 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया था।
- 17 सितंबर 2019 को बीएसए कार्यालय में तैनात लिपिक को एक शिक्षिका के वेतन का नवीनीकरण करने और वेतन वृद्धि जोड़ने के नाम पर दस हजार रुपये रिश्वत लेते एंटी करप्शन टीम ने पकड़ा था।
- 30 जनवरी 2023 को पाली तहसील अंतर्गत बालाबेहट गांव के लेखपाल को एंटी करप्शन की टीम ने आठ हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ा था। लेखपाल ने ग्रामीण के खेत से निकाली जा रही ग्राम सभा की सड़क का निर्माण रुकवाने के नाम पर रिश्वत मांगी थी।
- 2 मई 2023 को सीबीआई टीम ने स्टेशन मार्ग पर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के शाखा प्रबंधक को बैंक में 20 लाख रुपये की सीसी लिमिट बनवाने के लिए बैंक मित्र के जरिए एक लाख रुपये रिश्वत लेने के आरोप में पकड़ा था। सीबीआई ने शाखा प्रबंधक के घर पर छापे की कार्रवाई की थी तो 16 लाख रुपये नकद और सोने के जेवरात व बिस्कुट मिले थे।
- अक्तूबर 2023 को एंटी करप्शन टीम ने मसौरा क्षेत्र में तैनात चकबंदी लेखपाल को किसान से दस हजार रुपये रिश्वत लेते पकड़ा था। लेखपाल ने बड़े ताऊ की वसीयत की कृषि भूमि को परिजनों के नाम दर्ज करने के नाम पर रिश्वत मांगी थी।
- 27 अक्तूबर 2023 को सिंचाई विभाग के जिलेदार शहजाद अली को सजनाम बांध डूब क्षेत्र पट्टा नवीनीकरण के नाम पर दस हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए साथी सहित एंटी करप्शन टीम ने पकड़ा था।
-
वर्जन..
एंटी करप्शन टीम द्वारा रिश्वत लेते हुए जिलेदार को पकड़े जाने और मुकदमा दर्ज कराने के बाद जिलेदार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। जिलेदार को निलंबित करने की संस्तुति कर पत्राचार सिंचाई कार्यमंडल के अधीक्षण अभियंता को कर दिया गया है। - इंजी. भूपेश सुहेरा, अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड।