ललितपुर। गल्ला मंडी में बुधवार को किसानों और होमगार्ड में विवाद हो गया। कुछ किसानों ने होमगार्ड से धक्का-मुक्की करते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। साथ ही अव्यवस्था को लेकर जमकर नारेबाजी की। जानकारी पर कोतवाली पुलिस ने किसानों को समझा-बुझाकर शांत किया।
कोतवाली क्षेत्र के गल्ला मंडी में अनाज लेकर पहुंचे किसानों के ट्रैक्टरों की लंबी लाइन लगी हुई थी। सुबह करीब साढ़े दस बजे होमगार्ड मंडी गेट पर व्यवस्था बनाने में लगे हुए थे और ट्रैक्टरों को लाइन से आगे बढ़ा रहे थे। इस दौरान होमगार्ड की लाठी एक किसान को लग गई। यह देख अन्य किसानों ने हंगामा शुरू कर दिया और ट्रैक्टरों को आगे बढ़ने से रोक दिया। किसानों ने नारेबाजी शुरू कर दी।
जानकारी मिलने पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मौके पर पहुंच गए और उन्हें समझाया। वहीं जानकारी पर अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार भी मौके पर पहुंच गए। जिस पर किसानों ने होमगार्ड पर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। अपर पुलिस अधीक्षक के आश्वासन पर किसान मान गए और ट्रैक्टरों को आगे बढ़ाया गया।
इस दौरान गल्ला मंडी के सामने ट्रैक्टरों की लंबी कतार होने के चलते यहां जाम के हालात बन गए। हालांकि कोतवाली पुलिस व यातायात विभाग ने मिलकर जाम को खुलवाया और ट्रैक्टरों को मंडी में प्रवेश कराया।