तालबेहट। कोतवाली अंतर्गत ग्राम टेटा निवासी बृजभान पुत्र पुक्खन के शिकायत पत्र पर पुलिस ने एक बस चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। पुलिस को दिए अपने शिकायत पत्र में बृजभान ने अवगत कराया कि बृहस्पतिवार को उसका भाई मोहन सहरिया (35) दिन में समय करीब 12 बजे दोपहर में सामान लेने दुकान पर जा रहा था। उसने जैसे ही हाईवे पार किया। तेज रफ्तार में आ रही एक प्राइवेट बस ने उसमें टक्कर मार दी। जिसके बाद मौके पर जुटे लोग उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय ललितपुर ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बृजभान की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। छोटे भाई बृजभान ने बताया कि मोहन मजदूरी करता था और उसके चार पुत्र हैं, सबसे बड़ा बेटा अभी छह साल का ही है। उन्होंने बताया कि पहले मोहन इंदौर में ईंटों की भट्टी पर काम करता था, लेकिन दो साल से वह गांव लौट आया था और यही मजदूरी करके परिवार चलाता था। उसकी आर्थिक स्थिति काफी दयनीय है, ऐसे में अब पत्नी के लिए मृतक के बच्चों का भरण पोषण करना मुश्किल हो जाएगा। ब्यूरो