संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। अब तक यहां डायरिया के 163 मरीज मिल चुके हैं और इनमें से पांच मासूम समेत नौ लोगों की मौत हो चुकी है। सात गांवों से लिए गए सैंपल में पांच में हैंडपंप के दूषित पानी से डायरिया फैलने की पुष्टि हुई है, इसके बाद भी हैंडपंपों के आसपास साफ-सफाई नहीं कराई जा रही है।
लगातार डायरिया के मरीजों के मिलने और उनकी मौत से लोग सहमे हुए हैं। अधिकांश गांवों में डायरिया फैलने का कारण हैंडपंप का दूषित पानी है। इसकी पुष्टि सैंपल की जांच में हो चुकी है। इसके बाद भी शहर से गांव तक हैंडपंपों के पास गंदगी व दूषित पानी जमा है।
शुक्रवार को अमर उजाला की टीम ने शहर समेत विभिन्न गांवों में हैंडपंपों की पड़ताल की। सदनशाह चौराहा के पास स्थित हैंडपंप का प्लेटफार्म गंदगी से भरा मिला। महिला अस्पताल के बाहर लगे हैंडपंप के पास जलभराव के साथ कीचड़ व गंदगी फैली हुई है। घंटाघर के पास लगे हैंडपंप के प्लेटफार्म की सफाई न होने से गंदगी बजबजा रही है।
ग्रामीण क्षेत्र में ब्लॉक मड़ावरा के पटना गांव में हैंडपंप के पास दूषित पानी जमा पाया गया। बमराना में हैंडपंप के पास दूषित जलभराव मिला। महरौनी के ग्राम सौजना के जुमंझिर में हैंडपंप के पास दलदल हो गया है। गंदा पानी जमा हुआ है। ग्राम पंचायत सड़कोरा में हैंडपंप के प्लेटफार्म पर बाहर से मिट्टी जा रही है। प्लेटफार्म भी टूटा पड़ा है। ग्राम सौजना में हैंडपंप के पास जमा गंदगी व पानी बीमारियों को न्योता दे रहा है।
-
दो गांवों के पांच हैंडपंपों की रिपोर्ट आनी बाकी
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार डायरिया प्रभावित सात गांवों के 17 हैंडपंपों के पानी का सैंपल लिया गया था। पांच गांवों के 12 हैंडपंप की जांच रिपोर्ट आ गई है। सभी 12 हैंडपंप का पानी दूषित होने की पुष्टि हुई है। अधिकारियों के अनुसार इसी दूषित पानी पीने से डायरिया फैला है। अभी दो गांवों के पांच हैंडपंप की रिपोर्ट आनी बाकी है।
-
नौ की हो चुकी मौत : यहां अब तक सात गांवों में डायरिया फैलने की पुष्टि हो चुकी है। कुल 163 लोगों में नौ की डायरिया से मौत हो चुकी है। ग्राम बर्मा विहार में दो, जलंधर में ग्राम प्रधान, दौलतपुर में एक मासूम, ग्राम भैरा में तीन बच्चों की मौत हो चुकी है। बृहस्पतिवार को समोगर निवासी एक वृद्ध महिला की मौत हो गई।
-
सभी खंड विकास व ग्राम पंचायत अधिकारियों को हैंडपंप के पास साफ-सफाई दुरुस्त रखने और जलभराव न होने देने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण कर जांच की जा रही है। हैंडपंप के पास जलभराव और गंदगी मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
- केके पांडेय, मुख्य विकास अधिकारी