पाली। सावन के आखिरी सोमवार को भोलेनाथ की नगरी पाली बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठी। सुबह से लेकर रात आठ बजे तक कांवड़ियों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। सावन के अंतिम सोमवार पर एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने नीलकंठेश्वर भगवान के दर्शन किए। मंदिर में सुबह से ही लंबी कतारें लगी रहीं और देर शाम तक भक्तों की भीड़ उमड़ी रही। पुलिस अधीक्षक संजीव वाजपेयी ने भी मंदिर पहुंचकर भगवान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। वहीं, नगर पंचायत अध्यक्ष मनीष कुमार तिवारी की ओर से कांवड़ियों के लिए पेयजल और भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कांवड़ यात्रा के दौरान एसडीएम पाली घनश्याम भारतीय, क्षेत्राधिकारी पाली राजेश श्रीवास्तव, तहसीलदार रविंद्र, थाना प्रभारी दीपक कुमार और नगर पंचायत के कर्मचारी मौजूद रहे। संवाद