ललितपुर। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शनिवार को कस्बा नाराहट के बरगौरा में लवकुश जयंती समारोह में पहुंचे, जहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए नाराहट को विकास खंड का दर्जा दिलाए जाने और यहां जल्द ही फूड पार्क बनाए जाने की घोषणा की, जिससे क्षेत्र में बेरोजगारी की समस्या का निदान हो सकेगा। उन्होंने सरकार की योजनाओं और उपलब्धियां गिनाईं और कहा कि उनकी सरकार ने प्रदेश में भूमाफिया और गुंडों पर नकेल कसने का काम किया है। आज प्रदेश में कानून का राज है और अब भय जनता में नहीं गुंडे माफिया भयभीत हैं। विरोधियों ने जनता की गाढ़ी कमाई से अपनी तिजोरियां भरने आ काम किया है। सोने चांदी की सिल्लियां घरों में रख ली, आज जब इनके घरों में छापे डाले जाते हैं तो यह बिलबिला उठते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाता हैं कि यहां खाद्य प्रसंस्करण पार्क और विकास खंड बनाने का कार्य जल्द से जल्द किया जाएगा। भाजपा की जीत का सिलसिला 2014 से चल रहा है और यह जीत का सिलसिला 2024 तक भी जारी रहेगा। मोदी और योगी राम राज्य लाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा की वह उप मुख्यमंत्री के पद पर हैँ, तो सभी लोग भी खुद को उपमुख्यमंत्री ही समझें। यहां से वह अमझराघाटी स्थित हनुमान मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने हनुमानजी महाराज के दर्शन किए। यहां से वह अमझरा घाटी स्थित वृहद गोशाला पहुंचे, जहां गोपूजन किया और गोवंश की देखरेख में काम कर रही महिला व पुरुष मजदूरों से उनके मानदेय के बारे में जानकारी ली। उन्होंने इस गोशाला को आदर्श गोशाला बनाने के लिए मेहनत करने को कहा। इसके बाद वह ललितपुर मुख्यालय पहुंचे, जहां से वह बाइपास स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों के साथ बंद कमरे में गोपनीय बैठक की।