संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। परिषदीय विद्यालयों में ऑपरेशन कायाकल्प के तहत 19 पैरामीटर पर काम कराया जा रहा है। इसके तहत बिजली कनेक्शन भी शामिल है। लेकिन, 43 विद्यालय ऐसे हैं, जिनके लिए 47.15 लाख रुपये जमा करने के बाद भी कनेक्शन नहीं दिए गए।
यहां 1357 परिषदीय व कंपोजिट विद्यालय संचालित हैं। इनमें 1.71 लाख छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। कुल 83 विद्यालयों ऐसे चिह्नित किए गए थे, जिनमें बिजली व्यवस्था नहीं थी। इनमें से 40 विद्यालयों में कनेक्शन के लिए झटपट पोर्टल पर आवेदन किया गया था और कनेक्शन हो गए थे। लेकिन, 44 विद्यालय ऐसे थे जिनकी दूरी 40 मीटर से अधिक थी। बिजली विभाग ने लाइन बिछाने और अतिरिक्त खंभे लगाने के लिए 47,15,000 रुपये का एस्टीमेट बनाकर बेसिक शिक्षा विभाग को भेजा था।
मार्च 2024 में शिक्षा विभाग ने उक्त एस्टीमेट की धनराशि बिजली विभाग में जमा कर दी थी। लेकिन सात माह गुजर जाने के बाद भी विद्यालयों में कनेक्शन तो दूर अभी तक खंभे या तार तक नहीं पहुंच पाए हैं। इन 43 विद्यालयों में अंधेरा पसरा रहता है। विभागीय अधिकारी इन विद्यालयों में जल्द कनेक्शन करने की बात कह रहे हैं।
43 विद्यालयों में कनेक्शन के लिए बिजली विभाग में धनराशि जमा कर दी गई है। बिजली विभाग को पत्र भी लिखे गए हैं। उम्मीद है कि जल्द ही इन विद्यालयों में कनेक्शन हो जाएंगे।
रणवीर सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी
वर्जन
परिषदीय विद्यालयों में कनेक्शन के लिए जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर संबंधित फर्म से काम शुरू करवाया जाएगा।-राजीव कालरा, अधीक्षण अभियंता विद्युत