संवाद न्यूज एजेंसी
तालबेहट। कोतवाली अंतर्गत ग्राम मुकटौरा स्थित एक विद्यालय में कार्यरत शिक्षामित्र पर कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों ने बुधवार को कोतवाली के बाहर प्रदर्शन किया। पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी शिक्षामित्र पर मामला दर्ज कर लिया है।
‘गुड टच और बैड टच’ सिखाने के दौरान एक अध्यापिका के सामने छात्राओं ने शिक्षामित्र पर ‘बैड टच’ करने का आरोप लगाया था। खंड शिक्षाधिकारी समर सिंह गौर विद्यालय पहुंचे और अध्यापिकाओं, छात्राओं एवं अन्य लोगों से जानकारी ली। मंगलवार को उन्होंने आरोपी शिक्षामित्र को बीआरसी से संबद्ध कर दिया था। शिक्षक नेताओं ने देर रात इस मामले को रफा-दफा कराने का पूरा प्रयास किया।
बुधवार को आरोपी शिक्षामित्र पर मामला दर्ज कराने की मांग को लेकर ग्रामीण कोतवाली के बाहर आकर नारेबाजी करने लगे। कोतवाली प्रभारी ने तहरीर देने को कहा तो छात्रा के पिता ने शिकायती पत्र दिया। बताया कि 21 अक्तूबर को छात्राओं को शिक्षामित्र ने अश्लील वीडियो दिखाकर उन्हें अपनी गोद में बैठाया और अश्लील हरकतें कीं। पुलिस ने आरोपी शिक्षामित्र डरू विश्वकर्मा पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
आरोपी शिक्षामित्र पर मामला दर्ज किया गया है। जांच में जो सामने आएगा, उसी आधार पर कार्रवाई होगी। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।-अनुराग अवस्थी, प्रभारी निरीक्षक, तालबेहट।