ललितपुर। ब्लॉक बार के ग्राम पाह निवासी ग्रामीणों ने डीएम को ज्ञापन देकर हाट बाजार और प्राथमिक विद्यालय पाह की सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा रोकने की मांग की है। ग्रामीणों ने बताया कि हाट बाजार के लिए प्राथमिक विद्यालय के पास सरकारी जमीन सुरक्षित छोड़ी गई है। गांव के कुछ लोगों ने मिलकर सरकारी जमीन पर दो शौचालयों का निर्माण कर लिया है। वह विद्यालय के दरवाजे और रोशनदान पर भी कब्जा कर रहे हैं। विद्यालय के सामने कूड़ा-करकट डालते हैं। यदि कोई व्यक्ति विरोध करता है तो लड़ने पर आमादा हो जाते हैं। मांग की गई कि जांच कर दोषियों का अवैध कब्जा हटवाया जाए और कानूनी कार्रवाई की जाए। ज्ञापन पर अवध बिहारी, उपेंद्र, जयहिंद सिंह, गोलू राजा आदि के हस्ताक्षर हैं।