संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। संदिग्ध परिस्थिति में नवविवाहिता की हालत बिगड़ने पर परिजन जिला अस्पताल लेकर आए। यहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। ससुर ने पेट दर्द से मौत होने की बात कही।
थाना पाली अंतर्गत ग्राम चंदेरा निवासी मानकुंवर (19) के ससुर रामप्रसाद कुशवाहा के मुताबिक मानकुंवर मंगलवार सुबह घर पर थी। उसके पेट में तेज दर्द होने लगा। उसे कस्बा पाली के अस्पताल ले गए तो चिकित्सकों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिरधा भेज दिया। बिरधा से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के पिता सेवन ने बताया कि चार माह पूर्व मानकुंवर की शादी हुई थी। पिता ने भी पेट दर्द के चलते मौत होने की बात कही। सीओ सदर अभय नारायण राय ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का पता चलेगा।