संवाद न्यूज एजेंसी
तालबेहट/ललितपुर। संदिग्ध परिस्थिति में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर ग्राम तेरई फाटक के पास एक युवक का शव पड़ा मिला। पास में ही उसकी बाइक भी थी। वह झांसी के बीएचईएल के पास का रहने वाला था।
रविवार सुबह तेरईफाटक पुलिस को सूचना मिली कि हाईवे पर एक युवक का शव पड़ा है। पुलिस ने आसपास के लोगों को बुलाकर शिनाख्त का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। पास में पड़ी बाइक की नंबर प्लेट के जरिये मृतक की शिनाख्त राहुल रैकवार (30) निवासी बीएचईएल थाना बबीना, जिला झांसी के रूप में हुई। परिजन मौके पर पहुंचे और बताया कि राहुल ने एक लड़की से लव मैरिज की थी। वह बीएचईएल में अपने घर से कुछ दूरी पर दूसरे मकान में पत्नी संग रहता था। राहुल अपने माता-पिता के घर आता जाता रहता था। शनिवार रात राहुल अपने पिता के घर से अपने घर पहुंचा। यहां किसी बात को लेकर पत्नी से विवाद हुआ तो राहुल पिता की बाइक लेकर बिना बताए कहीं चला गया था। इसके बाद वह लौटकर नहीं आया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक तालबेहट हरीशंकर चंद ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारण का पता चलेगा। जांच की जा रही है, जो भी तथ्य निकलकर सामने आएंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम सूत्रों के अनुसार युवक के शरीर पर चोट के कोई निशान नहीं पाए गए। मौत किसी विषाक्त पदार्थ के सेवन से हुई। विसरा सुरक्षित रख विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया है।