संवाद न्यूज एजेंसी
सिलावन (महरौनी)। पेयजल लाइन के लिए खोदी गई ललितपुर-महरौनी सड़क पर जगह-जगह बने कट दुर्घटना का कारण बन रहे हैं। इन कट को पार करने के चक्कर में दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं।
हर घर जल योजना के तहत गांव-गांव पेयजल लाइन बिछाने के लिए कार्यदायी संस्था ने ललितपुर-महरौनी मार्ग को जगह-जगह से काट तो दिया, लेकिन उसे अच्छी तरह से नहीं भरा। इसके चलते सड़क पर गहरे कट बन गए हैं। अचानक कट आ जाने पर कई चालक वाहन संभाल नहीं पाते और अनियंत्रित हो जाते हैं।
सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को हो रही है। अचानक कट दिखाई देने पर वह गिरकर चोटिल हो रहे हैं। रात में समस्या और बढ़ जाती है। ये कट महरौनी नगर सहित किसरदा, छपरट, समोगर, सिलावन, छिल्ला गांव में बने हुए हैं। ग्रामीणों ने कट भरकर पक्का कराने की मांग की है।