ललितपुर। अनाज बेचने गल्ला मंडी आ रहे ट्रैक्टर की ट्राली पलटने से उसमें सवार आधा दर्जन लोग घायल हो गए, वहीं एक वृद्ध की मौत हो गई।
जखौरा थाना के ग्राम मैनवारा निवासी बृजभान यादव का ड्राईवर ट्रैक्टर-ट्राली में अनाज लेकर ललितपुर गल्ला मंडी आ रहा था। ट्राली में गांव के अन्य लोग सवार थे। अभी ट्रैक्टर ग्राम दैलवारा स्थित बच्चा जेल के समीप पहुंचा था कि सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल को बचाने के फेर में ट्राली- ट्रैक्टर से अलग होकर पलट गई।
ट्राली पलटने से उसमें सवार लोगों में चीख-पुकार मच गई। मौके पर पहुंचे लोगों ने ट्राली के नीचे दबे लोगों को किसी तरह से बाहर निकाला और सूचना पर मौके पर पहुंची एंबुलेंस-108 से घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
जिला अस्पताल में ग्राम बरौदा स्वामी निवासी राम सिंह (65) को मृत घोषित कर दिया। राम सिंह अपने गांव से अनाज बेचने के लिए ललितपुर आ रहा था। रास्ते में उसने बृजभान के ट्रैक्टर में लिफ्ट ले ली थी। अन्य घायलों में ट्रैक्टर मालिक बृजभान, भारती, रामकुंवर, रामरुद्र, नारायण और भइय्यन का जिला अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।