बानपुर (ललितपुर)। थाना बानपुर अंतर्गत सेवानिवृत्त लेखपाल के घर पर हुई चोरी का माल चोर उन्हीं के घर फेंककर भाग गए हैं। मौके पर पहुंचे एसआई सत्यपाल सिंह व हमराहियों द्वारा सोने-चांदी के आभूषण दंपति को दिखाकर सौंप दिए हैं। कस्बा बानपुर स्थित पुराना पंचायत भवन के पास रहने वाले सेवानिवृत्त लेखपाल कैलाश नारायण श्रीवास्तव के यहां विगत दिनों उनके घर के दराज से सोने, चांदी के आभूषण व 30 हजार नकद चोर चोरी कर ले गए थे। इसकी सूचना 19 मार्च को बानपुर थाने में दी गई थी। जिसपर थानाध्यक्ष जितेंद्र सिंह चंदेल व एसआई सत्यपाल सिंह अपने हमराहियों के साथ घटना स्थल का मुआयना करने के बाद से चोरी का पता लगाने में जुट गए। पुलिस ने किरायेदारों व अन्य लोगों से पूछताछ शुरू कर दी थी व तीन दिन का समय दे दिया था कि आज सुबह दंपति के कमरे में पॉलीथिन में चोरी गया सामान पड़ा मिला। दंपति ने पुलिस को सूचना की। तत्पश्चात पुलिस ने मौके पर आकर पॉलीथिन का पैकेट खोलकर उसमें से सामान दंपति को दिखाया। इसमें एक सोने का हार व दो सोने की अंगूठी व 30 हजार रुपया को छोड़कर बाकी का सामान अज्ञात चोर सोते समय फेंक गए। मौके पर पहुंचे एसआई सत्यपाल सिंह व हमराहियों द्वारा सोने चांदी के आभूषण दंपति को दिखाकर चार लोगों के बीच में सौंप दिए। जिस पर वृद्ध दंपति एवं ग्रामवासियों ने पुलिस की प्रशंसा की साथ ही कस्बावासियों ने शेष चीजें व नकदी बरामद करने की मांग की। जिस पर पुलिस ने शीघ्र ही माल बरामद करने का भरोसा दिलाया।