ललितपुर। जखौरा थाना क्षेत्र के इकलगुवां गांव की मजदूर महिला का पति छह मासूम पुत्रियों सहित पत्नी को छोड़कर दूसरी महिला के साथ चला गया, जिससे मजदूर महिला के समक्ष मासूम बच्चों के भरण पोषण का संकट खड़ा हो गया।
पीड़िता ने मुख्यालय आकर पुलिस अफसरों को प्रार्थना पत्र दिए, पर कहीं संतोषजनक कार्रवाई का आश्वासन नहीं मिला।
ग्राम इकलगुंवा निवासी धनकुंवर का कहना है कि उसका विवाह 18 वर्ष पहले गांव के युवक के साथ हुआ था, उसकी छह पुत्रियां हैं। सबसे छोटी पुत्री की उम्र 10 माह तथा सबसे बड़ी बेटी 17 वर्ष की है। पति आए दिन उसके साथ मारपीट करता है। एक दिन मायके से 50 हजार रुपये लाने की मांग की। इंकार करने पर एक गांव की दूसरी महिला के साथ भाग गया, तभी से वह परेशान घूम रही है। छोटे बच्चों का साथ होने के कारण मजदूरी भी नहीं कर पा रही है, जिससे बच्चों के समक्ष पेट भरने का संकट खड़ा हो गया है। बीती 20 अगस्त को पता चला कि उसका पति बांसी क्षेत्र में मजदूरी कर रहा है। वह अपने भाई को लेकर बांसी पहुंची तो पति ने मारपीट कर उसे भगा दिया।
पीड़िता ने मंगलवार को बच्चों समेत मुख्यालय आकर पुलिस अधीक्षक को संबोधित प्रार्थना पत्र अधीनस्थों को दिए। कोतवाली में भी प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन कहीं पर संतोषजनक कार्रवाई का आश्वासन नहीं मिला।