ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला आजादपुरा निवासी विधवा महिला की विवाहिता पुत्री को उसकी सहेली ने राजस्थान में बेच दिया था। सीकर जिले में बेची गई महिला को बलि चढ़ाने के लिए बंधक बना कर रखा गया था। पुलिस अधीक्षक की तत्परता से युवती को बरामद कर लिया गया।
मुुहल्ला आजादपुरा निवासी विधवा महिला की विवाहिता पुत्री भोपाल के एक मॉल में काम करती थी। इस दौरान उसकी दोस्ती एक युवती से हो गई। दस मार्च को उसने ललितपुर निवासी युवती को नशीला पदार्थ खिलाकर बेसुध कर दिया। होश आने पर उसने अपने आप को राजस्थान के सीकर जिले में पाया। उसे मुकेश यादव नाम का युवक बंधक बनाकर रखे था। उसने अपने मोबाइल से किसी तरह पूरे मामले की जानकारी अपने परिजनों को दी। बृहस्पतिवार को युवती के परिजनों ने पुलिस अधीक्षक मो. इमरान को घटना से अवगत कराया। एसपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीकर पुलिस अधीक्षक से संपर्क साध कर पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनकी पुत्री को बलि चढ़ाने के लिए बेचा गया।
सीकर पुलिस ने दबिश देकर युवती को बरामद कर लिया और बंधक बनाने वाले सीकर निवासी युवक मुकेश यादव को गिरफ्त में ले लिया। युवती के परिजन उसे लेने सीकर रवाना हो गए हैं।