ललितपुर। बीते रविवार को झांसी-सागर नेशनल हाइवे पर गोविंद सागर बांध के पास स्थित पेट्रोल पंप के सामने ट्रक की टक्कर से बाइक पर सवार दादी व डेढ़ माह की नातिन की मौत हो गई थी। कोतवाली पुलिस ने इस मामले में ट्रक के अज्ञात चालक के खिलाफ गैर इरादन हत्या समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।
थाना जखौरा क्षेत्र के ग्राम सिरसी में रहने वाले जयपाल अहिरवार अपने परिवार के साथ बाइक से डेढ़ माह की पुत्री जया के जन्म की खुशी में बालाबेहट क्षेत्र में स्थित मंदिर में पूजा करने के लिए जा रहे थे। इसी बीच झांसी-सागर नेशनल हाइवे पर गोविंद सागर बांध के पास स्थित पेट्रोल पंप के सामने ट्रक क्रमांक एमपी 28 एच 1665 ने जितेंद्र की बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। घटना में जयपाल की मां मानकुंअर पत्नी (48 वर्ष) मलखान व डेढ़ माह की बालिका जया की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक को छोड़कर मौके से भाग गया और पुलिस ने उक्त ट्रक को जब्त कर लिया था। इस मामले में कोतवाली पुलिस ने जयपाल की तहरीर पर ट्रक क्रमांक एमपी 28 एच-1665 के अज्ञात चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।