निकटवर्ती ग्राम में रहने वाली युवती का विवाह सीमावर्ती जनपद के युवक के साथ तय हुआ था। 30 मई को ंबारात आनी थी। विवाह के निमंत्रण पत्र छपकर सभी रिश्तेदारों के यहां वितरित किए जा चुके थे। हाथों में मेंहदी रचाकर दुल्हन अपने भावी जीवन के सपने संजोए हुए थी। घर में रिश्तेदार आ चुके थे तथा मंगलगीत गाए जा रहे थे। बुधवार को अचानक दूल्हे ने फोन करके शादी करने से इंकार कर दिया, तभी से विवाह वाले घर में सन्नाटा छाया हुआ है। वहीं, दुल्हन के पिता का आरोप है कि दूल्हे के परिजनों के कहने पर उसने दूल्हे के नाम से डिस्कवर मोटरसाइकिल खरीद ली है, लेकिन वे दूसरी मोटरसाइकिल की मांग कर रहे हैं। इसी के चलते बहाना बनाकर शादी तोड़ने की बात कर रहे हैं। भुक्तभोगी ने कोतवाली पुलिस से कार्रवाई की मांग की है, वहीं गांव के लोग वर एवं वधु पक्ष के बीच सामंजस्य बनाने के प्रयास में जुटे हैं।