बानपुर निवासी रामसेवक (65 वर्ष) पुत्र रघुवर बृहस्पतिवार को खेत में उर्द की फसल में खरपतवार की दवाई का छिड़काव करने के लिए गया था। छिड़काव के दौरान बाल्टी में पानी खत्म हो गया तो वह जामनी नदी के डंगया घाट पर जाकर उसने पानी भरने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान रामसेवक का पैर फिसल गया और वह नदी में जा गिरा। घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की, लेकिन बृहस्पतिवार की रात्रि में कोई जानकारी नहीं हो सकी। शुक्रवार की सुबह उन्होंने पुलिस को सूचना दी और रिश्तेदारों से भी संपर्क किया गया। लेकिन, जानकारी नहीं लगी। शनिवार को कुछ लोगों ने डंगया घाट के पास शव उतराने की जानकारी दी। इस पर रामसेवक के परिजन मौके पर पहुंचे और उन्होंने शव की पहचान कर ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।