अपहरण का मामला मारपीट में दर्ज
ललितपुर। शहर कोतवाली के शांतिनगर मोहल्ला निवासी छात्र शिवाजी पुत्र सुंदरपाल का कॉलेज जाने के दौरान अपहरण कर फिरौती मांगी। न देने पर छात्र के पास मिले रुपयों को छीनकर मारपीट की। तहरीर पर पुलिस ने मामले को मारपीट की धाराओं में दर्ज किया है।
पीड़ित ने कोतवाली पुलिस को शिकायती पत्र देकर बताया था कि 11 जुलाई की सुबह जब वह कॉलेज जाने के लिए घर के पास हाइवे पर वाहन का इंतजार कर रहा था। तभी एक व्यक्ति बाइक से आया और कालेज छोड़ने की बात कर उसे बाइक से ले जाने लगा। तभी रास्ते में खड़ी चार पहिया वाहन में आरोपियों ने तमंचे का भय दिखाकर उसे वाहन में बैठा लिया। जहां आरोपियों ने 20 हजार रुपये की फिरौती मांगी। फिरौती न मिलने पर आरोपियों ने मारपीट शुरू कर दी व जेब में रखे फीस के रुपये छीनकर भगा दिया। घटना के बाद से पीड़ित न्याय के लिए कोतवाली पुलिस को शिकायतीपत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि इसी दौरान पुलिस ने शिकायतीपत्र को बदलवा कर मारपीट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली। दूसरे शिकायती पत्र में वह कस्बा विरधा में स्थित किसान इंटर कालेज के पास खड़ा था। तभी मोहल्ला शांतिनगर निवासी रानू पुत्र महेंद्र सिंह, विक्की पुत्र महेंद्र सिंह व थाना नाराहट के कलरव गांव निवासी छोटे राजा पुत्र लोकपाल सिंह आ गए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपी मारपीट कर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।