हादसे में मौत की रिपोर्ट दर्ज
ललितपुर। महरौनी थानांतर्गत सैदपुर फार्म के पास सोमवार की सुबह एलएलबी का पेपर देने जा रहे युवक की ट्रक की टक्कर से हुई मौत के मामले में पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मड़ावरा थानाक्षेत्र के गड़ौलीकलां गांव निवासी दशरथ पुत्र देवीदीन अहिरवार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि पीड़ित का बेटा रविंद्र कुमार उम्र 22 साल एलएलबी की परीक्षा देने के लिए जा रहा था। इसी दौरान सैदपुर फार्म के पास ट्रक नंबर एमपी 09 एचएच 9132 के चालक ने ट्रक को लापरवाही से चलाते हुए पुत्र की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई और बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने ट्रक के अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।