महिला के साथ टप्पेबाजी, सोने के आभूषण लेकर भागे
ललितपुर। रविवार को थाना कोतवाली अंतर्गत नझाई बाजार के पास मोहल्ला आजादपुरा निवासी शारदाबाई टप्पेबाजी का शिकार हो गई। तीन अज्ञात लोगों ने महिला का रास्ता रोककर उन्हें सम्मोहित कर उनके सोने के आभूषण लेकर भाग गए। जानकारी होने पर पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण कर बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
मोहल्ला आजादपुरा, लेड़िया देहरे के पास निवासी महिला शारदाबाई पत्नी रमेश ने थाना प्रभारी निरीक्षक को दिए शिकायती पत्र में बताया कि वह रविवार की सुबह करीब ग्यारह बजे घंटाघर से नझाई बाजार की ओर जा रही थी, तभी तीन अज्ञात व्यक्ति आए और उन्होंने उसका रास्ता रोका। उसे सम्मोहित किया। इसके बाद उन्होंने उसके कानों में पहने सोने की झुमकी, मंगलसूत्र एवं सोने की अंगूठी उतरवा कर ले गए। जब उसे होश आया तो देखा कि उक्त लोग सामान लेकर भाग चुके थे। महिला ने बताया कि यदि उक्त व्यक्ति उसके सामने आएंगे, तो वह उसे पहचान लेगी। घटना स्थल के पास एक दुकान में सीसीटीवी कैमरा लगा है। घटना उसमें कैद होगी, जिसकी जांच से बदमाश पकड़े जा सकते हैं। पीड़िता ने आभूषण दिलाने की मांग की है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना प्रभारी मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि मामले की पड़ताल की जा रही है।