हत्या कर शव नहर में फेंकने का आरोप
ललितपुर। जाखलौन थानांतर्गत ऐरा गांव के पास युवक की एकराय होकर मारपीट करने और हत्या कर शव नहर में फेंक देने के आरोप में पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर सात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पाली थानाक्षेत्र के चंदेरा गांव निवासी जमनी पुत्र जुजू ने न्यायालय में शिकायतीपत्र देकर बताया कि पीड़ित का पुत्र देशराज 11 नवंबर की शाम छह बजे पाली से जाखलौने के ऐरा गांव जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में पाली निवासी कन्ने अहिरवार पुत्र रामदीन ने अपने छह अन्य साथियों के साथ मिलकर एकराय होकर देशराज के साथ मारपीट कर दी। इसके साथ ही आरोपियों ने मोटरसाइकिल की बात को लेकर देशराज की हत्या कर उसके शव को नहर में फेंक दिया। पुलिस में सुनवाई न होते देख पीड़ित को न्यायालय की शरण लेनी पड़ी। पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।