बोलेरो की टक्कर से तीन घायल, एक की हालत गंभीर
सैदपुर (ललितपुर)। कस्बा सैदपुर में पैट्रोल पंप के पास महरौनी से मडावरा की तरफ जा रही एक बोलेरो ने शाम मडावरा की ओर से महरौनी की तरफ जा रहे बाइक सवार को टक्कर मार दी। इससे बाइक चालक घायल हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद बोलेरो चालक फुटपाथ पर चलकर गांव से अपने घर की ओर आ रहे दो युवकों को कुचलता हुआ मौके से भाग गया। दुर्घटना में बाइक चालक समेत तीन लोग घायल हो गये हैं। जिसमें एक राहगीर की हालत नाजुक बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार महरौनी से मडावरा की और तेज गति से जा रही बोलेरो ने सैदपुर के पैट्रोल पम्प के पास मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार सुजान यादव पुत्र अमान उम्र 35वर्ष निवासी अमौरा घायल हो गया। टक्कर मारने के बाद मौके से भागने की फिराक में बोलेरो चालक ने फुटपाथ पर पैदल चलकर अपने घर की तरफ जारहे दो युवकों को टक्कर मारदी जिससे टंकीपुरा निवासी कमलेश पुत्र उमराव अहिरवार उम्र 35 वर्ष , सोनू सहरिया पुत्र राजू उम्र 20 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गये। टक्कर मारने के बाद बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया । दुर्घटना में घायल हुये तीनों युवकों को 108 एम्बुलेंस की मदद से सीएचसी महरौनी लाया गया वहां से जिला अस्पताल के लिये रेफर कर दिया गया है। घायलों में सैदपुर निवासी कमलेश अहिरवार को गंभीर चोट आई है।