जैन संतों पर अभद्र टिप्पणी करने पर एफआईआर
ललितपुर। जैन संत आचार्य विद्यासागर महाराज व उनके शिष्यों पर फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी कर धार्मिक भावनाएं भड़काने के मामले में कोतवाली पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पार्षद मोदी पंकज जैन ने तहरीर में बताया कि वह जैन धर्म के अनुयायी हैं और आराध्य गुरुओं के प्रति श्रद्धा रखते हैं। पिछले कुछ समय से कतिपय लोग, जिनमें इंदौर निवासी हेमंत काला, जिसका फेसबुक अकाउंट हेमंत काला के नाम से है और जो एक सेवा संघ का संगठन चलाता है, उसके द्वारा अन्य साथियों के साथ जिनमें वर्द्धमान जैन और सेठ महावीर प्रसाद शामिल हैं। उन्होंने समाज की समरसता बिगाड़ने के उद्देश्य से जानबूझकर एक संत आचार्य श्री विद्यासागर महाराज व उनके शिष्य मुनि प्रमाणसागर जी महाराज के ऊपर व्हाट्सएप एवं फेसबुक के माध्यम से आपत्तिजनक पोस्टें डालीं। जबकि, आचार्यश्री एवं उनके शिष्य मुनिश्री को विश्व में श्रद्धा के साथ सम्मान मिलता है। आरोपियों ने सोशल मीडिया पर फोटो आदि की कूटरचना करते हुए आराध्यों के ऊपर अनर्गल टिप्पणियां कीं। इससे सभी श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। इसकी पुलिस में शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर थाना कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।