धारदार हथियार से किया युवक पर जानलेवा हमला
ललितपुर। शहर कोतवाली अंतर्गत सिविल लाइन क्षेत्र में धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर युवक को घायल कर दिया। आननफानन में राहगीरों की मदद से युवक को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। कोतवाली क्षेत्र के सदनशाह मुहल्ला निवासी अब्बास खां पुत्र हुसैन ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 17 जून की सुबह मुहल्ला सदनशाह निवासी बरकत राईन पुत्र मिस्टर व मुहल्ला गोविंदनगर निवासी बल्लू रैकवार उसके घर आए और उसके भाई साकिर के बारे में पूछताछ करने लगे। इस पर परिजनों ने बताया कि वह कबाड़ा खरीदने की फेरी लगाने चांदमारी मुहल्ला की ओर गया हुआ है। यह सुनते ही दोनों आरोपी हाथ में मुर्गा काटने वाला छुरा लेकर चले गए। आरोपियों ने साकिर को सिद्धन के पास रास्ते में पकड़ लिया और गालीगलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने जानलेवा हमला कर मारपीट करते हुए गंभीर रूप से घायल कर दिया। रक्तरंजित अवस्था में युवक मौके पर ही बेहोश हो कर गिर गया। यह देख आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। आननफानन में राहगीरों की मदद से युवक को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहीं, पुलिस ने तहरीर के आधार पर दोनो आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।