फर्जी मुकदमा के विरुद्घ कार्रवाई की मांग
ललितपुर। थाना मड़ावरा अंतर्गत निवासी प्रहलाद कुमार ने मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन भेजकर जमीन के विवाद में उसके ऊपर लिखाया गया झूठा मुकदमा की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित ने सीएम को भेजे ज्ञापन में बताया कि उसके पिता के द्वारा एक खंडहर भूमि क्रय की गई थी, जिसके उन्होंने कब्जा दखल प्राप्त कर लिया था। जिस पर उसने वहां अपना मकान बना लिया था। उक्त बैनामा के संबंध में विक्रेता के पुत्र को विक्रय की संपूर्ण जानकारी थी। लेकिन इसके बाद भी उक्त विक्रेता के समेत आधा दर्जन से अधिक लोगों ने उसके मकान को खंडहर के रूप में दर्शाकर किसी और को विक्रय कर दिया गया। जिस पर उसने उक्त लोगों के खिलाफ एसपी से शिकायत की थी। जिस पर कोई कार्रवाई न होने पर उसने सीजेएम में प्रार्थना पत्र दिया, जहां से उक्त लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज के आदेश दिए गए। इसकी जानकारी होने पर उक्त लोगों ने राजीनामा का दबाव बनाया। जब वह तैयार नहीं हुआ तो उक्त लोग उसकी घर ग्रहस्थी का सामान ट्रैक्टर से ले गए। जानकारी होने पर जब उसने विरोध किया तो उसे कट्टा दिखाकर गाली गलौच कर धमकी देकर भाग गए। इसकी सूचना उसके भतीजे ने थाने में दी। लेकिन रिपोर्ट न लिखे जाने पर उपरोक्त एफआईआर ऑनलाइन भेजी गई, तो वह फिर से राजीनामा को दबाब बनाने लगे। जब वह नहीं माना तो एक महिला द्वारा उस पर और उसके भाई व भतीजों पर झूठी शिकायत कर बलात्कार व हरिजन एक्ट की झूठी शिकायत की गई। वे लोग उसे व उसके परिजनों को झूठे मुकदमों में बार-बार फंसाने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित ने सीएम से उक्त प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।