वसूली एजेंट के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
ललितपुर। सौजना थानांतर्गत अगौड़ी गांव निवासी किसान के ट्रैक्टर की किश्तें बैंक में जमा न करने और बकाया राशि जमा करने के बाद भी ट्रैक्टर वापस न करने के आरोप में पुलिस ने वसूली एजेंट के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। अगौड़ी गांव निवासी धीरे पुत्र रजुआ अहिरवार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उसके लोन पर ट्रैक्टर खरीदा था। इसकी किस्त समय से देने के बाद भी बैंक के एजेंट झांसी के वीरांगना नगर निवासी रामसिंह पुत्र शिवराज सिंह ने बैंक में किस्तों की राशि जमा नहीं की। इस पर ट्रैक्टर घर से ले गए। इसके बाद पीड़ित ने ट्रैक्टर के बकाए की पूरी धनराशि बैंक में जमा कर दी। इसके बाद भी ट्रैक्टर वापस नहीं किया और अधिक रुपयों की मांग शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी एजेंट के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।