मानव तस्करी की सूचना पर दौड़ी पुलिस
ललितपुर ।
महिला पर होने वाले अत्याचारों को रोकने के लिए शासन द्वारा शुरू की गई महिला हेल्प लाइन के नंबर 181 पर 24 जुलाई की रात कोतवाली क्षेत्र के एक गांव से मानव तस्करी की सूचना दी गई थी। इस पर महिला हेल्प लाइन टीम ने जिला पुलिस अधीक्षक को अवगत कराकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक सलमान ताज पाटिल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सर्विलांस के सिपाही प्रदीप व महिला थाना प्रभारी नीतू सिंह को महिला की खोजबीन करने के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सर्विलांस के माध्यम से पुलिस बुधवार को महिला को बरामद कर कोतवाली ले आई, जहां पूछताछ के दौरान मानव तस्करी की घटना झूठी पाई गई। पुलिस ने बताया कि महिला मध्यप्रदेश के जिला अशोक नगर की रहने वाली है। उसकी शादी मध्यप्रदेश के ग्राम बानपुर में हुई थी। शादी के बाद महिला अपने दो बच्चों को छोड़कर कोतवाली क्षेत्र के गांव रावगढ़ निवासी एक व्यक्ति के साथ रहने लगी। महिला ने ललितपुर न्यायालय में उक्त व्यक्ति के साथ कोर्ट मैरिज भी की थी। पुलिस द्वारा इस मामले में महिला से पूछताछ जारी है।