फर्जी कागजात से कर खरीद लिया ट्रैक्टर, मुकदमा
ललितपुर। थाना पूराकलां पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर फर्जी कागजात दिखाकर ट्रैक्टर खरीदने के मामले में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जिला झांसी के थाना बबीना अंतर्गत सुनरयसाना निवासी संजीव सोनी ने न्यायालय को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि बबीना के न्यू पंप हाउस निवासी राजपाल उर्फ महेंद्र, थाना सोजना के ग्राम नैकारा निवासी भरतलाल एवं कानपुर परेड चौराहा निवासी और एल एंड टी फाइनेंस के ब्रांच मैनेजर द्वारा फर्जी कागजात दिखाकर उसका ट्रैक्टर क्रय कर लिया। इसकी जानकारी होने पर पूछा तो गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने संजीव सोनी की तहरीर के आधार पर न्यायालय के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।