अलग-अलग घटनाओं में पांच की मौत
ललितपुर। जिले में ग्रामीण क्षेत्रों के अंतर्गत हुई अलग-अलग घटनाओं में एक महिला समेत पांच लोगों की मौत हो गई है। शहर कोतवाली अंतर्गत ग्राम तालगांव में ट्रैक्टर की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई। मोहल्ला गांधीनगर निवासी एक व्यक्ति की बीमारी के चलते मौत हो गई। एक व्यक्ति की मौत ट्रेन से गिरकर, ग्राम दिगवार में आग लगने के बाद ग्वालियर में उपचार से ठीक होकर लौट रही महिला की हालत बिगड़ने से मृत्यु हो गई। जबकि, एक लेखपाल को सीने में दर्द होने की वजह मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना कोतवाली अंतर्गत ग्राम तालगांव निवासी नीतेश रजक (18) सोमवार की रात करीब साढ़े नौ बजे ग्राम सिलावन से अपने घर लौट रहे थे कि इसी दौरान तेज गति भाग रहे ट्रैक्टर ने सामने से बाइक में टक्कर मार दी। साथी उसे बेहोशी हालत में जिला अस्पताल ले आए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि युुवक की शादी सात मई को थी। परिजन शादी की तैयारियों में जुटे थे कि हादसा हो गया।
थाना कोतवाली अंतर्गत मोहल्ला नईबस्ती निवासी रामगोपाल (55) सोमवार की रात अकेले घर पर थे। देर रात लगभग बारह बजे परिजनों को चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। आवाज सुनकर परिजन कमरे में पहुंचे और उसे जिला अस्पताल इलाज के लिए ले गए, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार करके झांसी रेफर कर गया, लेकिन उनकी मौत हो गई। मृतक के रिश्तेदार राजेश विश्वकर्मा ने बताया कि मृतक को कैंसर की बीमारी थी।
थाना जाखलौन अंतर्गत कस्बा निवासी रामसहाय (65) मजदूरी करता था। सोमवार की शाम लगभग चार बजे जीरोन-जाखलौन के मध्य रामसहाय की ट्रेन से कटकर मौत हो गई है। जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और शव की शिनाख्त रामसहाय के रूप में की गई। इस मामले में मृतक के भाई रामबाबू विश्वकर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि रामसहाय कैंसर की बीमारी से ग्रसित था और इसी वजह से उसने यह खतरनाक कदम उठाया होगा।
थाना महरौनी अंतर्गत ग्राम दिगवार निवासी महिला रानी (30) अपने डेढ़ वर्षीय पुत्र के साथ 28 मार्च को घर में अकेली थी, तभी उसके चचेरे ससुर और उनके परिजनों ने रानी और उसके डेढ़ वर्षीय बेटे के ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी थी। इसमें रानी बुरी तरह झुलस गई थी, जबकि पुत्र की मौकेे पर ही मौत हो गई थी। पुलिस ने महिला के पति की तहरीर के आधार पर आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया था। वहीं, रानी की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे झांसी और फिर ग्वालियर रेफर कर दिया था। वह ग्वालियर से वापस घर लौट रही थी कि अचानक हालत फिर से बिगड़ गई और रास्ते में ही मृत्यु हो गई। शहर के मोहल्ला तालाबपुरा निवासी लेखपाल शिवनारायण (55) मंगलवार को सरकारी कार्य कर रहे थे कि इसी दौरान उनके सीने में दर्द होने लगा। इसकी जानकारी ग्रामीणों ने परिजनों को दी, परिजन उन्हें जिला चिकित्सालय इलाज के लिए ले गए, जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने उक्त सभी मामलों में शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भॎरवाने के बाद पोस्टमार्टम कराया है।