मारपीट कर बाइक छीनने का आरोप
ललितपुर। थाना कोतवाली अंतर्गत ग्राम मैलार में युवक की कुछ लोगों ने रास्ते में रोककर मारपीट कर दी और उसकी बाइक छीनकर ले गए। मारपीट में युवक घायल हो गया। पुलिस ने उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया।
ग्राम चीरा निवासी इंद्रपाल (30) अपने भतीजे अरविंद के साथ बुधवार की सुबह जखौरा से लौट रहा था। वह ग्राम मैलार के पास ही पहुंचा था कि कुछ लोगों ने उसकी बाइक रोककर मारपीट कर दी, जिससे वह घायल हो गया। यह देख उसके भतीजे ने भागकर गांव में जानकारी अपने साथियों व परिजनों को दी। इंद्रपाल ने बताया कि बदमाश उसकी बाइक छीनकर ले गए। परिजन उसे कोतवाली ले गए, जहां से पुलिस उसे चिकित्सीय परीक्षण के लिए जिला अस्पताल ले गई। अभी तक इस मामले में रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।