एटीएम नंबर पूछकर खाते से 20 हजार रुपये उड़ाए
ललितपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मुहल्ला मदरसा गोविंद नगर निवासी हिचकिल पुत्र इनाम हुसैन ने प्रभारी निरीक्षक को प्रार्थनापत्र देकर साइबर ठगी करने का आरोप लगाया है। प्रार्थनापत्र में बताया कि शुक्रवार को सुबह 11 बजे मोबाइल पर एक फोन आया और फोन उठाते हुए कहा कि वह बैंक से बोल रहा है। ठग ने फोन पर बताया कि आपका एटीएम लॉक हो रहा है। चालू रखना चाहते हैं तो एटीएम पर अंकित नंबर बताएं, इस पर हिचकिल ने अपना एटीएम नंबर बताया और फोन करने वाले व्यक्ति ने कहा कि आपके मोबाइल पर एक मैसेज आएगा और आप मैसेज पर अंकित नंबर बता दें ,जिस पर उसने मैसेज पर अंकित नंबर बता दिया। कुछ देर बाद मैसेज आया और खाते से 20 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।