घर के बाहर रखी बाइक चोरी
ललितपुर। रविवार को रिश्तेदार से मिलने पहुंचे मोहल्ला नेहरूनगर निवासी एक व्यक्ति की मोटरसाइकिल अज्ञात चोरों ने उड़ा दी। मोहल्ला नेहरूनगर निवासी रामकिशोर उपाध्याय रविवार की दोपहर करीब डेढ़ बजे अपने रिश्तेदार से मिलने उनके मोहल्ला चौबयाना नंबर दो स्कूल के पास बाइक से गए। उन्होंने अपनी बाइक दरवाजे के बाहर सड़क किनारे रख दी और घर में चले गए। कुछ देर बाद वापस आए तो बाइक गायब थी। उन्होंने व उनके मिलने वालों ने बाइक की काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका। पिछले दिनों शहर में रेलवे स्टेशन व अन्य मुहल्लों से बाइक चोरी की जानकारी पुलिस को दी गई। लेकिन अभी तक बाइक चोरों तक पुलिस नहीं पहुंच सकी है, जिससे बाइक चुराने वालों के हौसले बुलंद हैं। पीड़ित ने पुलिस से बाइक चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर खोजने की मांग की है।