पांच वर्षीय मासूम को पत्थर मारकर किया घायल
ललितपुर। शहर कोतवाली अंतर्गत आजादपुरा मुहल्ले निवासी बच्चे को शौच क्रिया के दौरान पत्थर मारकर घायल करने और विरोध करने पर जाति सूचक शब्दों से अपमानित करने के आरोप में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आजादपुरा मुहल्ला निवासी पानकुंवर अहिरवार पुत्र राजेश ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि पांच सितंबर की दोपहर उसका पांच वर्षीय पुत्र अंकुश शौच कर रहा था। इसी दौरान मुहल्ला निवासी आकाश व इंद्रपाल ने बच्चे के ऊपर पत्थर फेंक दिया। जिससे मासूम का हाथ बुरी तरह घायल हो गया। कुछ दिनों तक आरोपी उसे इलाज कराने का भरोसा दिलाते रहे। लेकिन मासूम की गंभीर हालत को देख जब पीड़िता ने आरोपियों से ऑपरेशन करने की बात कही तो आरोपी जाति सूचक शब्दों से अपमानित कर मारपीट करने लगे। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।