खान विभाग ने गेवरा में की छापेमारी, एक ट्रैक्टर बालू जब्त
डीएम के निर्देश पर खनिज और वन विभाग ने की संयुक्त छापामारी
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। जनपद में हो रहे अवैध खनन और जगह-जगह अवैध व बिना लाइसेंस के संचालित बालू के अवैध भंडारण की शिकायत के मद्देनजर डीएम मानवेंद्र सिंह के निर्देश पर खनिज विभाग और वन विभाग ने संयुक्त रूप से तालबेहट क्षेत्र में छापामारी की। जिसमें एक ट्रैक्टर अवैध बालू को पकड़ लिया। विभागों की संयुक्त छापामारी से क्षेत्र में अवैध भंडारण और अवैध खनन करने वालों में हड़कंप मचा रहा। गत कई दिनों से जनपद में अवैध बालू व पत्थर खनन की शिकायत कई क्षेत्रों से मिल रही थीं, जिसकी शिकायत भी लगातार जिलाधिकारी को मिल रही थी। इसी के चलते मंगलवार को भी जनपद में जगह-जगह अवैध बालू, पत्थर भंडारण के साथ ही खनन की जानकारी मिलने पर डीएम ने खनिज अधिकारी व वन अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश जारी किए। जिस पर विभागों की टीमों ने संयुक्त रूप से तालबेहट क्षेत्र में अवैध खनन पर शिकंजा कसने के लिए छापामारी अभियान चलाया। बुधवार को खनिज व वन विभाग की टीमों ने छापामार कार्रवाई के दौरान अवैध बालू से भरा एक ट्रैक्टर जब्त कर सीज कर दिया और उसे कोतवाली भेज दिया गया।