चोरी से फसल काटने और धमकी देने की रिपोर्ट दर्ज
ललितपुर। शहर कोतवाली अंतर्गत नयागांव स्थित खेत से किसान की गेंहू की फसल चोरी से काटने और विरोध करने पर अभद्रता कर धमकी देने के आरोप में पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।कलापहाड़ गांव निवासी मसलती पुत्र गरीबे अहिरवार ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि 20 मार्च की देर रात जब नगर के मुहल्ला झांसीपुरा निवासी सतीशचंद्र,व ग्राम गनगौरा निवासी विनोद, गंगाराम एवं उसका भाई प्रभु ग्राम नयागांव में स्थित खेत पर पहुंच गए। इसके साथ ही हार्वेस्टर से चोरी से गेंहू की फसल काटने लगे। जानकारी होने पर जब जमीन के मालिक ने विरोध जताया तो आरोपी गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पीडित ने बताया कि आरोपियों ने फसल काट कर उसका पचास हजार रूपये का नुकसान कर दिया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।