पुरानी रंजिश में पति-पत्नी से मारपीट, गंभीर
ललितपुर। थाना बानपुर अंतर्गत ग्राम सुनवाहा में पुरानी रंजिश को लेकर खेत पर फसल की रखवाली कर रहे किसान पति-पत्नी की गांव के ही कुछ लोगों ने जमकर मारपीट कर दी। वह गंभीर घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। ग्राम सुनवाहा निवासी सुरेश अहिरवार अपनी पत्नी ममता देवी के साथ खेत पर रोज की तरह फसल की रखवाली कर रहे थे। सुरेश ने आरोप लगाते हुए बताया कि बीते दिवस बुधवार की रात करीब आठ बजे जब वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ खेत पर ही था, तभी गांव के ही कुछ लोगों ने पुरानी रंजिश को लेकर पहले तो उसके खेतों में जानवरों को घुसा दिया और जब उसके बच्चे जानवरों को खेतों से बाहर निकालने लगे तो उक्त लोगों ने गालियां देते हुए उसके व उसकी पत्नी के साथ लाठी-कुल्हाड़ी से मारपीट कर दी, जिससे वह दोनों लहू लुहान हो गए। जानकारी मिलने पर अन्य परिजन वहां पहुंच गए, जिससे उक्त लोग वहां से भाग खड़े हुए और परिजनों व ग्रामीणों की मदद से उक्त दोनों घायल पति-पत्नी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुरेश ने बताया कि उक्त आरोपियों में से तीन पर पूर्व में जमीनी रंजिश के चलते उसके पिता की हत्या का मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है और इसी के चलते उनके साथ मारपीट की गई है।