एक को किया जिलाबदर
ललितपुर। अपर जिला मजिस्ट्रेट योगेंद्र बहादुर सिंह ने उप्र गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत एक आरोपी को छह महीने के लिए जिलाबदर कर दिया है। एडीएम ने आदेश जारी करते हुए बताया कि जाखलौन थानाक्षेत्र के नयागांव निवासी अशोक पुत्र गुड्डे ढीमर शातिर किस्म का अपराधी है, जिसके विरुद्ध गंभीर प्रकृति के अपराध जैसे नाबालिग लड़कियों के साथ छेड़छाड़ करने के निंदनीय अपराध पंजीकृत हैं। इसके डर की वजह से जनता का कोई भी व्यक्ति इसके विरुद्ध सूचना देने और रिपोर्ट लिखाने की हिम्मत नहीं जुटा पाता है। अपराधी का उसके ग्राम व अपने क्षेत्र में भय व्याप्त है। उक्त अपराधी अपराध करने में अभ्यस्त हैं, जिनके द्वारा घटित किये जाने वाले अपराधों से सामान्य जन के जीवन को अत्यधिक खतरा उत्पन्न हो सकता है, जिससे समाज के अन्य नागरिकों की गतिविधियां प्रभावित होती हैं तथा उनकी स्वतंत्रता भी बाधित होती है। अत: अपर जिला मजिस्ट्रेट ने उक्त अपराधी के अपराधों को गंभीरता से लेते हुए छह महीने के लिए जिलाबदर कर दिया।