सूचना देने के बाद भी नहीं पहुंचे राजस्व कर्मचारी
डोंगरा खुर्द। बीते दिन तहसील पाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम नाराहट में फसल देखने गए किसान की खेत पर ही मौत हो गई थी। इसकी सूचना परिवारजनों ने राजस्व कर्मचारियों को दी, लेकिन एक दिन और एक रात बीत जाने के बाद भी जब कोई राजस्व कर्मचारी नहीं आया। इससे परिवारजनों और ग्रामीणों में रोष व्याप्त है। घटना की सूचना थाना प्रभारी नाराहट को दी, जिस पर थाना प्रभारी ने मौके पर जमकर पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया था।
परिजनों ने बताया कि मृतक किसान रामवरन कुशवाहा की तीन पुत्री व दो पुत्र हैं। मृतक किसान अपने पीछे लगभग तीन लाख रुपये का कर्ज छोड़ गया है। कच्चे मकान में गुजर बसर कर रहा था और बच्चे अपने पिता को कर्ज से छुटकारा दिलाने के लिए बाहर शहर में मजदूरी करने के लिए गये थे। मृतक की पत्नी गजरानी ने बताया कि उनको कर्ज की काफी चिंता बनी रहती थी। मौसम खराब होने के कारण रात्रि में ही खेत पर चले गए और जब रात में वापिस नहीं लौटे तो खोजबीन शुरू कर दी। जब खेत पर जाकर देखा तो मृत अवस्था में खेत पर पड़े मिले। इस घटना से परिवारजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, पूरे गांव शोक की लहर है। तहसीलदार पाली राजस्व कर्मचारियों के साथ आज मृतक किसान के घर पहुंचे और घटना की जानकारी लेकर मौके का मुआयना कर परिजनों को सांत्वना दी और हर सम्भव शासन द्वारा मदद करने की बात कही ।
इतना था कर्ज
मृतक रामवरन के सिर पर सेंट्रल बैंक के किसान क्रेडिट कार्ड का एक लाख रुपये का कर्ज था। इसके अलावा 30 हजार रुपये सहकारी साधन समिति नाराहट से और लगभग एक लाख रुपये से अधिक का गांव के साहूकारों से कर्जा लिए थे।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही किसी भी प्रकार की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी और तहसीलदार व लेखपाल को मौके पर भेज कर जांच करवा ली गई है।
एसडीएम पाली - देवेन्द्र पाल सिंह