चौदह लोगों पर हत्या के उद्देश्य से अपहरण की रिपोर्ट
ललितपुर। थाना कोतवाली पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर युवक को हत्या की धमकी देने, अपहरण करने, मारपीट व फिरौती मांगने के मामले में 14 नामजद लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। नई बस्ती निवासी आशाराम ने कोर्ट में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि कुछ दिनों से उसका पुत्र मनोज परेशान था। उससे पूछा तो बताया कि कुछ लोगों से उसका लेनदेन था। वह पैसे लौटा चुका है, लेकिन वह नाजायज पैसों की मांग कर रहे हैं। एक अक्टूबर 2018 को मनोज कहीं चला गया, लेकिन वापस नहीं लौटा। इसके बाद कुछ लोग आए और बोले कि उसके पुत्र मनोज का अपहरण कर लिया है। चार लाख रुपये चाहिए। न देने पर लड़के को जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। शिकायत पुलिस में की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई तो कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मोहल्ला नई बस्ती निवासी सुनील साहू, प्रीति, रामकिशोर, रोहित झा, लीला, रामेश्वर, अशोक, जयराम, जगदीश, मोहल्ला डोंड़ाघाट निवासी शीलचंद, मीना और मोहल्ला तलैयापुरा निवासी रामदेवी, भोगीराम व तालाबपुरा निवासी केके साहू के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।